Connect with us

मनोरंजन

Varanasi फिल्म से महेश बाबू का ‘श्रीराम’ लुक वायरल, रणबीर कपूर की ‘Ramayan’ से होने लगी तुलना

Published

on

Loading...
Loading...

मुंबई। एसएस राजामौली की मोस्ट एंटीसिपेटेड फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भले ही फिल्म की रिलीज में अभी समय है, लेकिन इससे जुड़ी चर्चाएं अभी से तेज हो गई हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेता महेश बाबू (Mahesh Babu) भगवान श्रीराम के रूप में नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह पोस्टर गुंटूर स्थित मैथरी सिनेमा के डिजिटल थिएटर होर्डिंग पर दिखाई दिया, जिसके बाद इसकी तस्वीरें इंटरनेट पर फैल गईं। वायरल पोस्टर में महेश बाबू हाथ में रुद्राक्ष लिए भगवान राम के स्वरूप में दिखाई दे रहे हैं। इस लुक को देखकर फैंस उनकी कड़ी तैयारी और एसएस राजामौली के निर्देशन में बनने वाली फिल्म की भव्यता का अंदाजा लगा रहे हैं।

एक सोशल मीडिया हैंडल से फिल्म से जुड़ी यह तस्वीर साझा की गई, जिसके साथ कैप्शन में इसे फिल्म ‘वाराणसी’ का पोस्टर बताया गया। पोस्टर सामने आने के बाद कई लोगों ने इसकी तुलना नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ से की, जिसमें रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले हैं। वहीं, कुछ यूजर्स ने इस तस्वीर को फर्जी बताते हुए इसे एआई से जनरेटेड इमेज करार दिया।

फिल्म ‘वाराणसी’ में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म रामायण से प्रेरित एक एपिक एक्शन एडवेंचर ड्रामा होगी। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Advertisement

उधर, रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ दो भागों में बनाई जा रही है। इसका पहला भाग इसी साल दीवाली के अवसर पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। इसमें सनी देओल, साई पल्लवी, यश, विवेक ओबरॉय और रवि दुबे जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

महेश बाबू के कथित ‘श्रीराम’ लुक के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। फैंस जहां इसे लेकर उत्साहित हैं, वहीं कुछ लोग इसकी प्रामाणिकता पर सवाल भी उठा रहे हैं। फिलहाल, फिल्म से जुड़े आधिकारिक पोस्टर या तस्वीर का इंतजार किया जा रहा है, जिससे स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page