वाराणसी
फरवरी के अंतिम सप्ताह में वाराणसी दौरे पर आ सकते हैं सीएम योगी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरवरी के अंतिम सप्ताह में वाराणसी के दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह शहर में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की जानकारी लेंगे।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री रोपवे परियोजना और गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण कर सकते हैं। इसके साथ ही कमिश्नरी आवास परिसर में निर्माणाधीन मंडलीय एकीकृत कार्यालय, सोलर पार्क, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), सिग्नेचर रेल रोड ब्रिज तथा नगर निगम के नए सदन भवन की स्थिति की भी समीक्षा किए जाने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों से पीडब्ल्यूडी की सड़कों और एनएचएआई की परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली जाएगी। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
