Connect with us

गोरखपुर

छेड़खानी के आरोपी का पुलिस ने किया शांति भंग में चालान

Published

on

गोरखपुर। कोचिंग पढ़ने जा रही छात्रा का हाथ पकड़कर जबरन गली में खींचने के प्रयास के मामले में गोला पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज करते हुए सोमवार को उसका शांति भंग में चालान कर दिया। वहीं, मामले में प्रारंभिक कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी राजकरन नय्यर ने गोला के प्रभारी निरीक्षक राहुल शुक्ल को देर रात लाइन हाजिर कर दिया है।

प्राप्त विवरण के अनुसार घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। गोला क्षेत्र में एक छात्रा अपनी सहेली के साथ स्कूल जा रही थी, तभी एक युवक ने उसका हाथ पकड़कर जबरन गली में खींचने का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने पर वह किसी तरह खुद को बचाकर वहां से निकल गई। शनिवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद एंटी रोमियो टीम की महिला आरक्षी द्वारा रविवार देर रात आरोपी के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोपी शुभम कुमार के खिलाफ सोमवार को शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया।

इस बीच, पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आए दो वीडियो के बाद एसएसपी ने थाना स्तर पर लापरवाही मानते हुए कड़ा रुख अपनाया। प्रभारी निरीक्षक राहुल शुक्ल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, गोला थाने के प्रभारी के रूप में उपनिरीक्षक राकेश रौशन सिंह की तैनाती कर दी गई है।

क्या था पूरा मामला?
शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो गोला नगर पंचायत क्षेत्र के परनई मोहल्ले का बताया जा रहा है। वीडियो में एक युवक पढ़ने जा रही दो छात्राओं में से एक का हाथ पकड़कर उसे जबरन कहीं ले जाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। अचानक हुई इस घटना से छात्रा घबरा गई और किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर वहां से भाग निकली।

Advertisement

वीडियो वायरल होने के बाद रविवार को गोला एंटी रोमियो स्क्वाड ने युवक की पहचान कर कार्रवाई की। पुलिस ने शुभम पुत्र राजेश (उम्र 18 वर्ष), निवासी उनौली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार की है, जबकि वीडियो शनिवार को वायरल हुआ, जिसके बाद मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page