वाराणसी
शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण, सात लोगों पर केस दर्ज
वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में शादी का भरोसा दिलाकर एक युवती के शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी युवक समेत कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक ने करीब दो वर्षों तक उससे प्रेम संबंध बनाए रखे और शादी का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में युवक ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
बताया गया कि आरोपी युवक रोहनिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है। हालांकि उसका बचपन से मिर्जामुराद क्षेत्र के एक गांव में अपने मामा के घर आना-जाना रहा है। करीब दो साल पहले उसकी पहचान पड़ोस में रहने वाली युवती से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
युवती का कहना है कि जब उसने विवाह की बात रखी तो युवक टालमटोल करने लगा और अंत में शादी से मुकर गया। विरोध करने पर युवक के परिजनों द्वारा उसे चुप रहने और समझौते का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।
गत सुबह युवती अपनी मां और भाई के साथ मिर्जामुराद थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए लिखित तहरीर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
देर शाम गांव में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी बुलाई गई, जहां घंटों बातचीत के बाद भी सुलह-समझौता नहीं हो सका। अंततः रिश्ते को समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
मिर्जामुराद थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी युवक सहित सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है, जबकि पुलिस गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
