Connect with us

गोरखपुर

गोरखपुर महोत्सव आज से शुरु

Published

on

Loading...
Loading...

सात दिनों तक संगीत, कला और संस्कृति का भव्य उत्सव

गोरखपुर। जनपदवासियों का इंतज़ार अब समाप्त होने जा रहा है। गोरखपुर महोत्सव 2026 का शुभारंभ रविवार, 11 जनवरी से होगा, जो 17 जनवरी तक चलेगा। संगीत, कला, संस्कृति, खेल और विकास के विविध रंगों से सजा यह महोत्सव अब तक का जनपद का सबसे बड़ा सांस्कृतिक आयोजन होगा। चम्पा देवी पार्क में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन 11 जनवरी को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री द्वारा मुख्य मंच पर दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा। 13 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महोत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों व खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे, जबकि 17 जनवरी को महोत्सव का विधिवत समापन होगा।

यह जानकारी मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने शनिवार को मंडलायुक्त सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। मंडलायुक्त ने बताया कि महोत्सव के मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम 11 से 13 जनवरी तक मुख्य मंच पर आयोजित किए जाएंगे, जबकि शिल्प मेला, फूड कोर्ट, व्यावसायिक स्टॉल और अन्य गतिविधियां 17 जनवरी तक निरंतर चलती रहेंगी।

मंडलायुक्त ने बताया कि इस बार गोरखपुर महोत्सव में सदर सांसद व फिल्म अभिनेता रवि किशन, लोकगायिका मैथिली ठाकुर, भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक-अभिनेता पवन सिंह तथा देश के प्रसिद्ध रैपर बादशाह जैसे बड़े कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त अनेक सांस्कृतिक दल और कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि गोरखपुर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करना और स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से इस बार लोकल कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं को विशेष रूप से मंच दिया जा रहा है।

मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने बताया कि महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ टैलेंट हंट प्रतियोगिताएं, इंटर स्कूल प्रतियोगिताएं, महिला प्रतियोगिताएं, खेल गतिविधियां तथा विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। बच्चों, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। इसके साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए भव्य शिल्प मेला भी लगाया जाएगा।

Advertisement

उन्होंने बताया कि महोत्सव में आने वाले दर्शकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, आपातकालीन व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जाए। महोत्सव स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।

मंडलायुक्त ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं, ताकि यातायात जाम की स्थिति न बने और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गोरखपुर महोत्सव 2026 को सकुशल, भव्य और यादगार बनाया जा सके।

प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी दीपक मीणा, गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आनंद वर्धन तथा जीडीए सचिव पुष्पराज सिंह उपस्थित रहे।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page