वाराणसी
मोबाइल चोरी मामले में लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी निलंबित
वाराणसी। अस्सी घाट से सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंकिता का मोबाइल फोन चोरी होने के मामले में लापरवाही बरतना चौकी प्रभारी को भारी पड़ गया। शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न करने पर अस्सी चौकी प्रभारी रोहित त्रिपाठी को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसीपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।
डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल ने बताया कि प्रकरण सामने आने के बाद मामले की जांच एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार को सौंपी गई थी। जांच में यह तथ्य सामने आया कि चौकी प्रभारी पीड़िता के साथ घटनास्थल तक तो गए, लेकिन मोबाइल की बरामदगी के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया।
मुंबई की रहने वाली सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंकिता अपने परिवार के साथ काशी भ्रमण पर आई थीं। अस्सी घाट पर घूमते समय एक उचक्का उनका करीब दो लाख रुपये मूल्य का आईफोन छीनकर फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद अंकिता ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। हालांकि इसके बाद जांच की प्रक्रिया सुस्त रही।
इसी बीच अंकिता ने अपने सहयोगियों की मदद से मोबाइल को तकनीकी माध्यम से ट्रेस किया। लोकेशन के आधार पर वह चांदपुर पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि वहां भी पुलिस ने केवल औपचारिकता निभाई और बिना किसी बरामदगी के लौट आई।
इसके बाद अंकिता रात करीब 2 बजे खुद ही दोबारा उसी लोकेशन पर पहुंचीं, जहां मोबाइल एक ही मकान के भीतर दिखा रहा था। उन्होंने मकान मालिक से आग्रह कर कमरा खुलवाया, तो वहां से 12 मोबाइल फोन बरामद हुए, जो चोरी के बताए जा रहे हैं।
