Connect with us

अपराध

कारोबारी के अपहरण की साजिश नाकाम, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

देवरिया। जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में देर रात पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक कारोबारी के अपहरण और हत्या की साजिश रच रहे चार बदमाशों के गिरोह को मुठभेड़ में पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, गिरोह सलेमपुर क्षेत्र के पडरी तिवारी निवासी एक व्यवसायी को अगवा करके फिरौती वसूली और बाद में हत्या करने की योजना बना रहा था। पुलिस को देर रात महदहा चौराहे के पास संदिग्ध युवकों की मौजूदगी की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में गाजीपुर निवासी बदमाश हिमांशु के पैर में गोली लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। घायल अपराधी को देवरा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से उसे देर रात रेफर कर दिया गया। भागने की कोशिश कर रहे अन्य तीन बदमाशों को पुलिस ने घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी आरोपी कई दिनों से कारोबारी की रेकी कर रहे थे और अपहरण की योजना पूरी तरह तैयार थी। पुलिस ने मौके से एक बुलेट मोटरसाइकिल, कई अवैध असलहे, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया। सभी सामान को सील कर आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए बदमाशों की घेराबंदी तेज की, जिससे उनकी साजिश नाकाम हो गई। अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और किसी बड़े वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। समय रहते मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना होने से टल गई। पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page