गाजीपुर
जमानियां रेलवे स्टेशन पर मिला लावारिस बैग
जमानियां (गाजीपुर)। जमानियां रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर एक लावारिस बैग पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह बैग पैनल के समीप काफी देर से रखा हुआ था। संदेह होने पर यात्रियों ने इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी।

जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान शिवानंद उपाध्याय मौके पर पहुंचे और बैग को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान बैग से कपड़े मिले। इसके अलावा रेलवे का एक कंसेशन सर्टिफिकेट का फोटोकॉपी पन्ना मिला, जिस पर नाम आत्मा सिंह यादव दर्ज है।

बैग मिलने की खबर फैलते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में हलचल मच गई। कई यात्री मौके से दूरी बनाकर खड़े हो गए, वहीं आरपीएफ ने पूरी सावधानी बरतते हुए बैग की तलाशी ली।

आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, बैग के मालिक की पहचान की जा रही है। कंसेशन सर्टिफिकेट की मदद से यात्री की जानकारी निकालकर उसके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी स्टेशन पर लावारिस वस्तुओं की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किए जाने की मांग की है।
