Connect with us

वाराणसी

वंदे भारत ट्रेनों में बढ़ाई जाएगी कोचों की संख्या

Published

on

यात्रियों की मांग पर रेलवे का तोहफ़ा

वाराणसी। भारतीय रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। बरेली होकर चलने वाली देहरादून-लखनऊ और मेरठ-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में अब आठ की जगह दस कोच होंगे। दोनों ट्रेनों में दो-दो नए कोच जोड़े जा रहे हैं, जिनमें एक चेयरकार और एक एक्जीक्यूटिव क्लास का कोच शामिल होगा।

अब तक आठ कोच वाली वंदे भारत में सात चेयरकार कोच में 546 और एक्जीक्यूटिव श्रेणी के एक कोच में 52 सीटें थीं। कोचों की संख्या बढ़ने के बाद यात्रियों को ज्यादा सीटों का फायदा मिलेगा और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पहले मेरठ-वाराणसी वंदे भारत में कोच बढ़ाए जाएंगे और उसके बाद देहरादून-लखनऊ वंदे भारत में यह सुविधा मिलेगी।

गौरतलब है कि पहले मेरठ वंदे भारत का संचालन केवल लखनऊ तक किया जाता था, लेकिन कम यात्रियों के कारण इसे अयोध्या होते हुए वाराणसी तक बढ़ा दिया गया। इसके बाद से ही इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी और ट्रेन फुल होकर चलने लगी। यही वजह है कि अब कोचों की संख्या बढ़ाई जा रही है।

रेलवे ने यह भी बताया है कि आने वाले समय में देशभर की सभी वंदे भारत ट्रेनों में कोचों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही मार्च 2026 से पहले कुछ नई वंदे भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा। इस फैसले से यात्रियों को तेज, आरामदायक और बेहतर सुविधाओं के साथ यात्रा का अनुभव मिलेगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page