Connect with us

चन्दौली

पत्नी की फावड़े से हत्या, आरोपी पति फरार

Published

on

Loading...
Loading...

पुलिस को फोन कर बोला – “पत्नी को मार दिया, उसकी लाश घर में पड़ी है”

सकलडीहा (चंदौली)। मंगलवार सुबह जिले के बथावर गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) भगवान दास ने अपनी पत्नी क्रीमकला (30 वर्ष) की फावड़े से सिर कुचलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी आधे घंटे तक शव के पास बैठा रहा और फिर पुलिस को फोन कर कहा— “मैंने पत्नी को मार दिया है, उसकी लाश घर में पड़ी है।”

सूचना मिलते ही सीओ श्वेता तिवारी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। जब पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई तो मासूम बेटे विराट (11) और बेटी सृष्टि (5) अपनी मां के शव के पास रोते मिले। क्रीमकला का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था।

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

Advertisement

जानकारी के अनुसार, भगवान दास ने 2011 में हिनौता गांव निवासी क्रीमकला से शादी की थी। उसके कोई भाई नहीं था और पिता की मौत के बाद पैतृक संपत्ति पर बहनों का हक था। परिजनों का आरोप है कि भगवान दास जमीन हड़पना चाहता था और इसी वजह से पत्नी को लगातार प्रताड़ित करता रहा।

मृतका की मां ने बताया कि दामाद जबरदस्ती जमीन अपने नाम करना चाहता था। जब क्रीमकला ने विरोध किया तो उसकी हत्या कर दी गई। बड़ी बहन सीमा ने भी बताया कि विवाद सिर्फ जमीन के हिस्से को लेकर था। बहनोई अक्सर कहता था कि जमीन उसके नाम कर दो ताकि वह गाड़ी-ट्रैक्टर खरीद सके और घर बना सके।

बेटे ने बताया वारदात का सच

11 वर्षीय विराट ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 7 बजे पापा-मम्मी के बीच झगड़ा हुआ। वह और बहन ब्रश करने बाहर निकले। तभी पिता ने फावड़े से मां पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक भगवान दास का आपराधिक इतिहास भी रहा है। सात साल पहले उसने एक छात्र नेता को गोली मारी थी और कई महीनों तक जेल में रहा था।

Advertisement

सीओ श्वेता तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने हत्या में इस्तेमाल फावड़ा बरामद कर लिया है। शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ है कि विवाद जमीन को लेकर था। आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page