Connect with us

गाजीपुर

ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

Published

on

बहरियाबाद (गाजीपुर)। ग्राम सभा पलिवार के वर्तमान ग्राम प्रधान बलवंत कुमार पर देर रात लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान बलवंत कुमार किसी कार्यवश बाहर गए थे। देर रात जब वे घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। हमले की प्रकृति को देखते हुए इसे पूर्व-नियोजित बताया जा रहा है। प्रधान कुछ समझ पाते उससे पहले ही लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार शुरू हो गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूत्रों के अनुसार इस हमले में गांव के पूर्व प्रधान चंद्रशेखर राम का नाम सामने आ रहा है, जो हाल ही में एक दुष्कर्म के मामले में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। आरोप है कि उसने अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिया।

घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव एवं भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों और परिजनों ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी और वर्तमान ग्राम प्रधान को सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है।

हालांकि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है, फिर भी पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गया है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Advertisement

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही आपसी रंजिश और विवादों का माहौल है। आए दिन छोटी-छोटी बातों पर झगड़े और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं, जिससे आमजन स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। घटना के बाद पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page