Connect with us

वाराणसी

शराब ठेका खोलने पर महिलाओं का बवाल, डीएम से की बंद कराने की मांग

Published

on

वाराणसी के दुर्गाकुंड स्थित घसियारी टोला में बुधवार को उस समय हंगामा मच गया जब इलाके में शराब का ठेका खोले जाने की खबर फैलते ही सैकड़ों महिलाएं सड़क पर उतर आईं। महिलाओं ने ठेका खोले जाने के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि इस इलाके में संकट मोचन मंदिर, दुर्गाकुंड मंदिर, मानस मंदिर और त्रिदेव मंदिर जैसे कई प्रमुख धार्मिक स्थल हैं। इसके अलावा यहां कई स्कूल भी हैं, जहां बच्चों का रोज आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में शराब ठेका खुलना सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का अपमान है।

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही एसीपी भेलूपुर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, महिलाएं ठेका न खोलने की अपनी मांग पर अड़ी रहीं। महिलाओं ने जिलाधिकारी को संबोधित एक पत्र भी सौंपा जिसमें ठेका खोलने की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया तो वे बड़ा आंदोलन छेड़ने को मजबूर होंगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब ठेका खुलने से क्षेत्र में अपराध, असुरक्षा और सामाजिक अव्यवस्था बढ़ जाएगी। फिलहाल पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने की अनुमति दी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक ठेका खोलने पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लोगों के मन में अब यही सवाल है कि क्या प्रशासन जनता की आवाज सुनेगा या नहीं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page