Connect with us

वाराणसी

ननिहाल आयी बच्ची का शव तालाब में मिला, हत्या की आशंका

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। बकरीद के त्योहार पर अपने नाना के घर आयी एक मासूम बच्ची की हत्या कर उसका शव तालाब में फेंक दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के भगौतीपुर गांव की है, जहां मंगलवार देर रात 4 वर्षीय परी का शव गांव के पास तालाब में उतराया मिला। बच्ची सोमवार से ही लापता थी, जिसकी गुमशुदगी और अपहरण की आशंका पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी।

जानकारी के अनुसार, मृतका जौनपुर जिले के बरसठी निवासी इश्तियाक की बेटी थी। वह अपनी मां के साथ कपसेठी के भगौतीपुर गांव में बकरीद मनाने आयी थी। माता-पिता वापस जौनपुर लौट गये लेकिन परी अपने नाना स्लामअली के घर पर ही रह गई थी। सोमवार की शाम वह घर के बाहर खेलने निकली और वापस नहीं लौटी। तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।

मंगलवार देर रात उसका शव गांव के पास एक तालाब में संदिग्ध अवस्था में मिला। शव की स्थिति देख कर हत्या की आशंका और गहराई से उठ खड़ी हुई। जैसे ही शव की सूचना मिली, मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर कपसेठी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया। थाना प्रभारी अरविंद सरोज के अनुसार, बच्ची की तलाश की जा रही थी और परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। शव मिलने के बाद मामला हत्या की दिशा में संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने बताया कि जासूसी कुतिया की सहायता से बच्ची की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page