Connect with us

मिर्ज़ापुर

मिर्जापुर में मॉक ड्रिल की तैयारी को लेकर समन्वय बैठक सम्पन्न

Published

on

Loading...
Loading...

मिर्जापुर। जनपद में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उद्देश्य से सुरक्षा और सतर्कता की दृष्टि से आयोजित की जाने वाली मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा की अध्यक्षता में आज पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, रेड क्रॉस सोसाइटी एवं अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मॉक ड्रिल किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी का अहम हिस्सा है। इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और तत्परता को परखा जाता है। बैठक में सभी विभागों को उनके उत्तरदायित्व स्पष्ट रूप से सौंपे गए और मॉक ड्रिल को पूरी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह तय किया गया कि आवश्यक उपकरण, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, प्राथमिक चिकित्सा सामग्री आदि की समय से उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आम नागरिकों को पूर्व सूचना देकर जागरूक किया जाए ताकि भ्रम या पैनिक की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही यह भी तय हुआ कि स्कूल, कॉलेज और प्रमुख बाजार क्षेत्रों को इस प्रक्रिया में सम्मिलित कर व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाइयों और प्रशिक्षित चिकित्सा दल के साथ तैनात रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं अग्निशमन विभाग को समय पर घटनास्थल पर पहुंचने की रणनीति तैयार करने को कहा गया है। नगर पालिका को मॉक ड्रिल स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस बल को मॉक ड्रिल के दौरान यातायात, सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था हेतु पूरी तरह से तैयार रहने को कहा गया है। जनपद के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मॉक ड्रिल से पूर्व नागरिकों को इसकी सूचना दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील करें।

Advertisement

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने यह भी कहा कि मॉक ड्रिल केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आपदा प्रबंधन की दिशा में एक सशक्त और आवश्यक अभ्यास है। इसमें सभी विभागों की सक्रिय और समर्पित भागीदारी से ही यह प्रयास सफल हो सकेगा।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page