Connect with us

चन्दौली

अलग-अलग सड़क हादसे में एक की मौत, दो घायल

Published

on

चंदौली। जनपद में बीती शाम दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पहली घटना: सीवर पाइप से टकराकर वृद्ध की मौत, युवक घायल

धानापुर-डेढ़ावल मुख्य मार्ग पर आवाज़ापुर गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कवई पहाड़पुर गांव निवासी चंदन यादव (22 वर्ष) और देवरापुर गांव निवासी 55 वर्षीय वृद्ध वीरेंद्र यादव बाइक से डेढ़ावल की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे आवाजापुर गांव के पास पहुंचे, बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे सीवर नाली के पाइप से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चंदन यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर भेजा, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Advertisement

वहीं, वृद्ध वीरेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

दूसरी घटना: बिजली पोल से टकराई बाइक, युवक गंभीर

एक अन्य हादसा देर रात करीब 10 बजे धानापुर कस्बा स्थित रामलीला चबूतरे के समीप घटित हुआ। कस्बा निवासी सुरेंद्र सेठ का पुत्र रवि वर्मा (32 वर्ष) बाइक से अपने घर लौट रहा था। मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर लोहे के बिजली के पोल से टकरा गई।

हादसे में रवि को सिर में गंभीर चोटें आईं और सड़क पर खून का बहाव काफी अधिक था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद वह बेहोश हो गया था। आनन-फानन में परिजनों द्वारा रवि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल चंदौली के लिए रेफर कर दिया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page