जौनपुर
हाईवे किनारे खड़े ट्रक में चालक मृत मिला, जौनपुर में सनसनी
शिवापार इलाके में खड़े ट्रक में मिला शव
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शिवापार स्थित लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक खड़े ट्रक में चालक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
स्टेयरिंग पर औंधे मुंह मिला चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे हाईवे किनारे खड़ा ट्रक काफी देर से एक ही स्थान पर था। राहगीरों ने जब केबिन के अंदर देखा तो चालक स्टेयरिंग पर औंधे मुंह पड़ा हुआ मिला। संदेह होने पर तत्काल यूपी-112 पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल में मृत घोषित
सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की।
हरियाणा निवासी चालक की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, ट्रक के पंजीकरण के आधार पर मृतक की पहचान 50 वर्षीय सरदार इकबाल सिंह, पुत्र जगदीश सिंह, निवासी फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।
मोबाइल और नगदी न मिलने से उठे सवाल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चालक के पास से मोबाइल फोन और नगदी बरामद नहीं हुई है, जिससे कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
