गाजीपुर
हवन-पूजन के साथ नए सत्र का शुभारंभ, 300 नवप्रवेशी विद्यार्थियों को मिली साइकिल
भारी बारिश भी नहीं डिगा सकी छात्रों का उत्साह, ओम जी ग्रुप के श्री रामदास महाविद्यालय में उमड़ी प्रवेशार्थियों की भीड़
25 जुलाई तक प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों को साइकिल देने की घोषणा, पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। दुल्लहपुर-जलालाबाद स्थित ओम जी ग्रुप द्वारा संचालित श्री रामदास महाविद्यालय में रविवार को नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन एवं प्रसाद वितरण के साथ सत्र की शुरुआत की गई। इस अवसर पर प्रथम दिन प्रवेश लेने वाले करीब 300 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं महाविद्यालय पहुंचे और पहले ही दिन प्रवेश लेकर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा साइकिल भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. सिंह ने बताया कि 19 जुलाई से शुरू हुई साइकिल वितरण योजना 25 जुलाई तक चलेगी। इस अवधि में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को भी साइकिल प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने का बेहतर अवसर देना है।
हवन-पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया और नए शैक्षणिक सत्र की सफलता एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में रघुनंदन पीजी कॉलेज के प्रबंधक उमेश यादव, माता तेतरा देवी गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्रबंधक अटल कुमार सिंह, रमेश यादव, अजीत सिंह, काली सनशाइन स्कूल के प्रबंधक विपिन कुमार सिंह, आलोक यादव, अच्युतानंद पांडेय, शाश्वत सिंह, ओम जी, आदर्श सिंह, टिंकू वायु नंदन पांडेय सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नए सत्र की सफलता और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
