गाजीपुर
स्काउट-गाइड शिविर में विद्यार्थियों को दिया गया जीवनोपयोगी प्रशिक्षण
मनिहारी (गाजीपुर) जयदेश। उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या मनिहारी, शिक्षा क्षेत्र-मनिहारी, जनपद-गाजीपुर में आयोजित स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं को विभिन्न जीवनोपयोगी एवं व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं में आत्मनिर्भरता, अनुशासन, सेवा भावना तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।

शिविर में स्काउट मास्टर डॉ० सन्तोष कुशवाहा द्वारा लर्निंग बाई डूइंग पद्धति के माध्यम से छात्राओं को अनेक उपयोगी गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान छात्राओं को प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए तथा दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में घायल व्यक्ति की सहायता करने का अभ्यास कराया गया।

इसके अतिरिक्त छात्राओं को ऊँचाई, गहराई तथा दूरी का अनुमान लगाने की विधियाँ, गांठ, फांस एवं बंधन (Knots and Lashings) बनाना तथा इन गांठों की सहायता से विभिन्न प्रकार के प्रोजेक्ट निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान बिना बर्तन के भोजन बनाना, आग लगने की स्थिति में आग बुझाने की विधि तथा मोर्स कोड की सहायता से संदेश भेजने और प्राप्त करने की तकनीक का भी अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम के संबंध में खण्ड शिक्षा अधिकारी हेमवन्त कुमार ने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा इससे विद्यार्थियों में अनुशासन और सेवा भावना विकसित होती है। वहीं जिला स्काउट मास्टर श्रीकान्त सिंह ने विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड के सिद्धांतों का पालन करते हुए समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राम-लखन यादव, मनोज कुमार प्रजापति, सरिता भारती तथा यशवन्त कुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
