Connect with us

गाजीपुर

सादात में ‘स्कूल चलो अभियान’ की रैली, शिक्षकों ने अभिभावकों से शत-प्रतिशत नामांकन की अपील की

Published

on

Loading...
Loading...

न्याय पंचायत सादात के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली, शिक्षा के प्रति किया प्रेरित

सादात (गाजीपुर)। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन और विद्यार्थियों के ठहराव (रिटेंशन) के लक्ष्य को लेकर मंगलवार को न्याय पंचायत सादात के विद्यालयों द्वारा ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली को उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात के प्रधानाध्यापक सुबाष सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली विद्यालय से शुरू होकर ब्लॉक परिसर और बस स्टैंड होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची, जहां इसका समापन शैक्षिक गोष्ठी के रूप में हुआ।

रैली के दौरान छात्र-छात्राएं और शिक्षक जगह-जगह रुककर अभिभावकों से बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते रहे। बच्चों ने “कोई न छूटे अबकी बार, शिक्षा है सबका अधिकार”, “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल रोज जाएंगे” और “स्कूल आओ, सब कुछ पाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। बच्चों के हाथों में शिक्षा से जुड़े प्रेरणादायक संदेशों वाली तख्तियां भी थीं।

Advertisement

शिक्षकों ने रैली के दौरान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की जानकारी भी अभिभावकों और आम नागरिकों को दी।

शैक्षिक गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक सुबाष सिंह यादव ने कहा कि स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण रैली को पूरे बाजार में नहीं ले जाया जा सका, लेकिन शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

गोष्ठी में प्राथमिक विद्यालय सादात प्रथम के प्रधानाध्यापक जितेंद्र गुप्ता, सादात द्वितीय के प्रधानाध्यापक करुणाकर राय, यादव बस्ती विद्यालय के प्रधानाध्यापक साहब राम तथा इस्लामिया विद्यालय की प्रधानाध्यापिका जमीला खातून ने भी अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।

इस अवसर पर शिक्षक संतोष यादव, शीतला प्रसाद यादव, लाल बहादुर कन्नौजिया, निशा यादव, सीमा यादव, प्रतिभा पांडेय, एकता यादव, गीता यादव, विवेक यादव सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक सुबाष सिंह यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page