भदोही
शराब के नशे में पति ने पत्नी से मारपीट कर घर में लगाई आग, तहरीर पर जांच शुरू
बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों से भी की मारपीट, आभूषण ले जाने का आरोप
भदोही (गोपीगंज)। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के मुलापुर गांव में शराब के नशे में पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट करने और घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता पूनम देवी ने आरोप लगाया कि 6 जुलाई की शाम उसका पति सुरेश यादव शराब के नशे में घर पहुंचा और उससे रुपये मांगे। रुपये देने पर उसने उन्हें फाड़कर फेंक दिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
तहरीर के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे प्रेमराज और उनकी बेटी के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। इसके बाद उसने घर में रखे सामान में आग लगा दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी घर में रखे कुछ आभूषण भी अपने साथ ले गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति पंजाब पुलिस में तैनात है और लंबे समय से उसके भरण-पोषण का खर्च भी नहीं देता है।
गोपीगंज कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में लिखित तहरीर प्राप्त हो गई है। शिकायत की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
