वाराणसी
रजिस्ट्री के ₹5 लाख लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ के बाद आठ बदमाश गिरफ्तार
पुलिस ने लूटी गई पूरी रकम, अवैध असलहा और वारदात में प्रयुक्त वाहन किए बरामद
मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र में प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए ले जाए जा रहे ₹5 लाख की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी रकम, अवैध हथियार और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए हैं।
रामनगर में हुई पुलिस कार्रवाई
पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में काशी जोन के पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर ने बताया कि सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर रामनगर क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
नकदी, हथियार और वाहन बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आठों आरोपियों के कब्जे से लूटे गए पूरे ₹5 लाख नकद, एक अवैध पिस्टल, दो खोखा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार तथा बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, लूटकांड के सफल खुलासे पर काशी जोन के पुलिस उपायुक्त ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को ₹25 हजार के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
