बलिया
बिजली तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली
सरकारी बिजली तार चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
पिकअप, चोरी के तार, तमंचे और कारतूस बरामद; पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह कोतवाली पुलिस ने सरकारी बिजली के तार चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात ग्राम हुसैनाबाद में घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लग गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि मुठभेड़ में घायल मुख्य आरोपी धर्मेंद्र कुमार (31) निवासी बालूपुर, थाना खेजुरी के बाएं पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से विश्वकर्मा तुरहा, नितेश पटेल, दीपक साहू तथा एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस पूछताछ में घायल आरोपी ने स्वीकार किया कि गिरोह ने 2/3 जुलाई तथा 4/5 जुलाई 2026 की रात हुसैनाबाद क्षेत्र से सरकारी बिजली के तार चोरी किए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बिजली के तार, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, दो तमंचे, कारतूस, एक अवैध चाकू तथा तार काटने वाला कटर बरामद किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
