गोरखपुर
प्रेम प्रसंग के विवाद में युवती की गला रेतकर हत्या, आरोपी युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा
शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज था युवक, पुलिस अभिरक्षा में चल रहा इलाज
कुशीनगर, 28 अक्टूबर। जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा सुदामा गांव में मंगलवार रात प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में 18 वर्षीय रोशनी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी युवक सुजीत निवासी झांगा बाजार को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
छत के रास्ते घर में घुसने का आरोप
परिजनों के अनुसार, रात करीब आठ बजे रोशनी घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में थी। आरोप है कि इसी दौरान सुजीत छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवती की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रोशनी की शादी दूसरी जगह तय हो गई थी और वह अपने होने वाले पति से बातचीत करती थी। आरोप है कि इसी बात से युवक नाराज था। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गांव में पुलिस बल तैनात
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के अनुसार, ग्रामीणों की पिटाई से घायल आरोपी का पुलिस अभिरक्षा में इलाज कराया जा रहा है। गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
