गोरखपुर
पीएचसी उरुवा में दस्तक अभियान और टीकाकरण की समीक्षा, स्वास्थ्यकर्मियों को दिए निर्देश
एचपीवी वैक्सीन से किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति करेंगे जागरूक, घर-घर पहुंचकर बीमारियों की रोकथाम पर जोर
गोलाबाजार, गोरखपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) उरुवा के मीटिंग हॉल में मंगलवार को दस्तक अभियान और नियमित टीकाकरण को लेकर ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेपी तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बीमारियों की रोकथाम पर दिया जोर
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेपी तिवारी ने कहा कि दस्तक अभियान उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चलाया जाने वाला विशेष अभियान है। इसका उद्देश्य बीमारियों के उपचार के साथ-साथ उनकी रोकथाम पर विशेष ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण भी बच्चों को विभिन्न गंभीर बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को दोनों अभियानों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
एचपीवी वैक्सीन से बचाव के प्रति किशोरियों को करेंगे जागरूक
डॉ. तिवारी ने एचपीवी वैक्सीन के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने 14 वर्ष से अधिक और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार टीकाकरण सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके लिए अभिभावकों को जागरूक कर किशोरियों का टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
घर-घर पहुंचकर छूटे बच्चों का कराएं टीकाकरण
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने सभी एएनएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में टीकाकरण से वंचित और छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित करें। दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर भ्रमण करें। इस दौरान लोगों को मच्छर जनित एवं जल जनित बीमारियों, फाइलेरिया और कुष्ठ रोग के लक्षणों तथा बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। साथ ही बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में स्वास्थ्यकर्मी रहे मौजूद
बैठक में एआरओ अखिलेश पाठक, बीपीएम अवनीश श्रीवास्तव, बीसीपीएम नवनीत सिंह, सविता यादव, अंकिता, शारदा, प्रेमलता राय, बादामी देवी, रानी, शिखा, अनुराधा, रीना, निशा, शिफा, काजल, राधारानी, रविता, कुसुम पासवान, सतीमा, अंजली, शिखा गौड़, सुधा भारती, सुमित्रा सहित सभी एएनएम और बीएचडब्ल्यू सत्यपाल सिंह उपस्थित रहे।
