बलिया
निषादराज बोट सब्सिडी योजना के लिए आवेदन फिर शुरू, 24 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
पूर्व में निरस्त या प्रतीक्षारत आवेदक भी दोबारा कर सकेंगे आवेदन
मत्स्य विभाग ने पोर्टल पर उपलब्ध कराई योजना की पूरी जानकारी, कार्यालय से भी मिलेगी सहायता
बलिया। मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की ‘निषादराज बोट सब्सिडी योजना’ (वित्तीय वर्ष 2026-27) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पुनः शुरू कर दी गई है। इच्छुक लाभार्थी 24 जुलाई 2026 तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
मत्स्य पालक विकास अभिकरण, बलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि योजना से संबंधित परियोजना विवरण, इकाई लागत, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की पूरी जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पात्र आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
उन्होंने बताया कि पूर्व के वर्षों में जिन आवेदकों के आवेदन किसी कारणवश निरस्त हो गए थे या प्रतीक्षारत रह गए थे, वे भी इस बार पुनः आवेदन करने के पात्र होंगे। साथ ही भविष्य में शासन स्तर पर योजना के नियमों में होने वाले किसी भी संशोधन को लागू किया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्य दिवसों में मत्स्य पालक विकास अभिकरण, बनकटा (बलिया) स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
