Connect with us

चन्दौली

निर्माणाधीन कार्यों में यूपीपीसीएल कार्यदायी संस्था की लापरवाही, जिलाधिकारी ने जारी किया नोटिस

Published

on

Loading...
Loading...

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग द्वारा विकास खंड चकिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय व राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय हेतिमपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बच्चों के पढ़ने-लिखने, खेलने-खाने, शुद्ध पीने के पानी तथा शौचालय सहित सुविधाओं को देखा गया तथा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संबंधित को दिशा-निर्देश दिए गए।

कस्तूरबा विद्यालय स्थित एकेडमिक ब्लॉक भवन निर्माण में खामियां पाए जाने पर कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए तथा संस्था के उच्च स्तरीय अधिकारी को अवगत कराने को कहा गया।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक भवन की गुणवत्ता खराब होने पर जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट मैनेजर से मौके पर फोन से वार्ता कर अगले दिन शाम तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा प्रोजेक्ट मैनेजर को संयुक्त निरीक्षण कर फोटो-वीडियो के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग संबंधित निर्माण कार्य की जांच समय-समय पर न करने एवं कार्यदायी संस्था के साथ मॉनिटरिंग न करने से निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता ठीक नहीं है।

उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि आप जिस दिन ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करना शुरू कर देंगे, उसी दिन से 90 प्रतिशत समस्या का समाधान हो जाएगा। आप लोग संबंधित विभाग के जिन स्थानों पर कार्य कराए जा रहे हैं अगर वहां जाएंगे नहीं तो कार्यदायी संस्था मनमाने तरीके से काम करके चली जाएगी।

उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि छात्रावास में जो सीलन एवं पानी जमाव की स्थिति बनी है, इसे कार्यदायी संस्था से तत्काल ठीक कराया जाए, वरना कार्यदायी संस्था के अभियंता सहित अन्य संबंधित के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisement

इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनके विषय पर आधारित कुछ सवाल सहित विद्यालय में दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली, जो संतोषजनक रही। उन्होंने शिक्षा कक्ष, लाइब्रेरी, भोजन के मेनू का निरीक्षण किया और शौचालयों की स्थिति भी देखी। इस दौरान शौचालयों की साफ-सफाई और उन्हें बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए तथा छात्राओं द्वारा बताई गई कुछ दिक्कतों को संबंधित को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा।

हेतिमपुर स्थित विद्यालय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम मंदिर में जाकर दर्शन-पूजन किया, फिर बच्चों से सीधा संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही कक्ष, लाइब्रेरी, प्रयोगशाला, खेल मैदान, छात्रावास का निरीक्षण किया। विद्यालय निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई का कार्य संतोषजनक पाया गया।

उन्होंने शिक्षकों को शीघ्र सरकारी आवास की छोटी-मोटी कमियों को कार्यदायी संस्था से पूर्ण कराते हुए शिफ्ट होने को कहा। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बात कर उनके प्रवास के दौरान मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली एवं संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) अनीता श्रीवास्तव, समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार, प्रिंसिपल प्रिंस सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page