वाराणसी
खेत में मिली अज्ञात महिला की लाश, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। जिले में एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है, जहां हमलावरों ने उसका सिर कुचलकर हत्या करने के बाद शव को लोहता थाना क्षेत्र के खेतों में फेंक दिया। पहचान छिपाने की नीयत से महिला के सिर और चेहरे पर पत्थरों से वार किए गए और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो लगभग 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव देख इलाके में हड़कंप मच गया। सबसे पहले हरपालपुर गांव में इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद लोहता पुलिस को बुलाया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला का शव गांव के बाहर एक सुनसान स्थान पर पड़ा मिला। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। मौके से महिला के पास एक आधार कार्ड भी बरामद हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। शुरुआती जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस आधार कार्ड के जरिए महिला की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी और अपहरण के मामलों की पड़ताल की जा रही है। साथ ही आसपास के गांवों में भी पूछताछ कर संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
