गाजीपुर
कारगिल विजय दिवस पर अमर शहीद शेषनाथ यादव को श्रद्धांजलि
धरवां में प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूत के शौर्य और बलिदान को किया गया नमन
कारगिल युद्ध के नायकों को याद कर युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान
नंदगंज (गाजीपुर)। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को जनपद में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर जिले के वीर सपूत अमर शहीद शेषनाथ यादव की धरवां स्थित प्रतिमा पर परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कारगिल विजय के गौरवशाली इतिहास का किया स्मरण
वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त कर देश की सीमाओं की रक्षा की थी। इस ऐतिहासिक विजय में गाजीपुर के वीर जवानों का योगदान भी उल्लेखनीय रहा। अमर शहीद शेषनाथ यादव ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देकर जिले और देश का गौरव बढ़ाया।
श्रद्धांजलि सभाओं में शहीदों को किया नमन
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया। शहीदों के चित्रों एवं प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए गए तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके बलिदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल के वीरों का त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
राष्ट्रसेवा का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश सेवा के लिए आगे आने का आह्वान भी किया गया।
परिजनों सहित कई लोगों ने दी श्रद्धांजलि
धरवां स्थित अमर शहीद शेषनाथ यादव की प्रतिमा पर उनकी धर्मपत्नी सरोज यादव, पुत्र शिवा यादव एवं उनकी पत्नी, भाई हरिहर यादव, सुमिरन यादव, गोरख सिंह यादव, हीरा यादव, राजा यादव, विजय यादव तथा अमर शेषनाथ इंडेन सर्विस के कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
