बलिया
अखिलेश यादव पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सपा का प्रदर्शन
भाजपा सांसद पर एफआईआर की मांग
बलिया में सपा प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, मामले की जांच कर कार्रवाई की उठाई मांग
बलिया। भारतीय जनता पार्टी के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे द्वारा सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ कथित अमर्यादित और मानहानिकारक टिप्पणी किए जाने के विरोध में बुधवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शन किया। सपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत पत्र सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
फेफना विधायक एवं सपा जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव तथा समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरि के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक और भ्रामक टिप्पणी करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।
सपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि सोशल मीडिया पर इस तरह की कथित टिप्पणियों और दुष्प्रचार पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में जमाल आलम, धनजी यादव, मंटू खान सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
