आजमगढ़
कार और बाइक की टक्कर में दो की मौत, एक घायल
आजमगढ़ के कप्तानगंज में भीषण हादसा
आजमगढ़ (जयदेश)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़िया बाजार में बीती रात एक दुखद हादसा हुआ। बाइक और कार की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब तोनारी गांव के निवासी प्रवीण (28) अपने दोस्तों सुरेंद्र (20) और वीरेंद्र (22) के साथ कौड़िया बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे बाजार पहुंचे, उनकी बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्रवीण और सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर फैल गई। एक ही समय में दो युवकों की मौत से गांव में भी सन्नाटा छा गया।
सुरेंद्र तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था जबकि प्रवीण के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। वह खेती के काम के लिए मुंबई से एक माह पहले ही घर आया था।
