अपराध
लखनऊ लॉकर कांड का एक और आरोपी गिरफ्तार
जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली पुलिस ने लखनऊ में हुए बहुचर्चित 42 लॉकर लूटकांड में फरार चल रहे इनामी बदमाश विपिन कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त पूर्वी लखनऊ द्वारा 25 हजार रुपये के इनामी घोषित इस अपराधी को मुखबिर की सूचना पर देवरिया चौकी प्रभारी अजय कुमार ने मदनपुरा मोड़ के पास से दबोचा।
फरार बदमाश पर पुलिस की नजर
विपिन कुमार वर्मा (23), पुत्र रुपचंद वर्मा, निवासी पिपरपुरवा थाना सदरपुर, जनपद सीतापुर, बीते 24 दिसंबर 2024 को गहमर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में फरार हो गया था। इस मुठभेड़ में उसका एक साथी पुलिस की गोली से मारा गया था, जबकि विपिन अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।जमानिया पुलिस ने विपिन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस (315 बोर) और लखनऊ बैंक लूटकांड में चोरी किए गए 6,830 रुपये बरामद किए।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार, प्रभारी चौकी देवरिया, उपनिरीक्षक भूपेश चंद्र कुशवाहा, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल चालक सतीश कुमार यादव और कांस्टेबल अभिषेक तिवारी शामिल रहें। पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर टीम की सराहना करते हुए इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया। गिरफ्तार बदमाश से आगे की पूछताछ की जा रही है।
