अपराध
भदोही: जुड़वां बेटियों को दूध में जहर देकर पिता ने की आत्महत्या
लोगों ने बताया – पत्नी प्रेमी के साथ भाग गई थी तब से ओम प्रकाश डिप्रेशन में था
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के ग्राम वेजवा में एक हृदयविदारक घटना ने सनसनी फैला दी। 27 वर्षीय ओम प्रकाश यादव ने अपनी 14 माह की जुड़वां बेटियों को दूध में जहर देकर उनकी जान ले ली और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लोगों ने बताया कि, पत्नी प्रेमी के साथ भाग गई थी तब से डिप्रेशन में था। ओम प्रकाश ने 21 नवंबर को थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
सोमवार की सुबह ओम प्रकाश का शव गांव के एक पेड़ से साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला। जब ग्रामीणों ने इसकी सूचना दी तो पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घर में तलाशी के दौरान ओम प्रकाश की दोनों बेटियों के शव भी पड़े मिले। शुरुआती जांच में पता चला कि पिता ने बेटियों को दूध में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उनकी हत्या कर दी।

पत्नी के लापता होने से परेशान था ओम प्रकाश
पुलिस जांच में सामने आया कि ओम प्रकाश की पत्नी पिछले पांच दिनों से घर से लापता थी। परिवारवालों का आरोप है कि वह घर के जेवरात लेकर प्रेमी के साथ कहीं चली गई थी। इस घटना से ओम प्रकाश मानसिक रूप से बेहद परेशान था। परिजनों के मुताबिक, पत्नी के लापता होने की शिकायत 19 नवंबर को औराई थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा 21 नवंबर को दर्ज किया।
पुलिस का कहना है कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। ओम प्रकाश की पत्नी की गुमशुदगी के मामले में भी कार्रवाई जारी है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्ट्या मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव का प्रतीत हो रहा है।
इस त्रासदी ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर पुलिस ने लापता पत्नी के मामले को गंभीरता से लिया होता, तो शायद यह दर्दनाक घटना टल सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
