Connect with us

अपराध

विक्की पर 50 हजार का इनाम घोषित, पांच राज्यों में सर्च ऑपरेशन जारी

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर के चर्चित शराब कारोबारी राजेंद्र गुप्ता और उनके परिवार की सामूहिक हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी भतीजे विशाल गुप्ता उर्फ विक्की की गिरफ्तारी के लिए इनाम राशि बढ़ाकर 50 हजार कर दी है। 5 नवंबर को हुई इस वारदात के 20 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। डीसीपी काशी की सिफारिश पर इनाम राशि दोगुनी की गई है, जिसे जल्द ही 1 लाख रुपये तक बढ़ाने की तैयारी है।

पुलिस ने विक्की की तलाश के लिए एसटीएफ और एटीएस को शामिल करने का संकेत दिया है। 15 दिनों में पुलिस की 10 टीमें यूपी और बिहार समेत 5 राज्यों में छानबीन कर चुकी हैं, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।

वारदात का घटनाक्रम

भदैनी स्थित पांच मंजिला मकान में 5 नवंबर को कारोबारी राजेंद्र गुप्ता, उनकी पत्नी नीतू (42), बेटे नवनेंद्र (25) और सुर्वेद्र (15), तथा बेटी गौरांगी (16) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने राजेंद्र का शव रोहनिया के मीरापुर रामपुर गांव स्थित एक निर्माणाधीन मकान में नग्न अवस्था में बरामद किया। उनके सिर और सीने में तीन गोलियां मारी गई थीं। 

पुलिस के अनुसार, विक्की ने संभवतः अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, जांच में किसी अन्य शूटर की संलिप्तता नहीं मिली है, क्योंकि कोई भी संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज में नजर नहीं आया। घटनास्थल पर मिले खोखे 32 बोर की पिस्टल से चलाए गए गोलियों के होने की पुष्टि करते हैं।

Advertisement

पुलिस ने विक्की के बहनोई, दादी और भाई सहित 20 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। हालांकि, कोई भी विक्की के ठिकाने की जानकारी नहीं दे सका। जांच के दौरान विक्की का किराए का कमरा खाली मिला, जिसे उसने 20 अक्टूबर को छोड़ दिया था।

विक्की के दोस्तों से पूछताछ

पुलिस ने तमिलनाडु स्थित वेल्लोर यूनिवर्सिटी में विक्की के बीटेक के दोस्तों और गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ की है। विक्की का फोन 23-24 अक्टूबर की रात से स्विच ऑफ है। वह अक्सर नए शहरों से नए नंबरों पर कॉल करता था, जिससे ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है।

गुप्त सूचना देने वालों को गोपनीयता का आश्वासन

पुलिस ने विक्की के रिश्तेदारों और करीबी दोस्तों से संपर्क कर उन्हें गुप्त सूचना देने पर गोपनीयता बनाए रखने का आश्वासन दिया है। साथ ही विक्की की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस सामूहिक हत्याकांड ने पूरे शहर को हतप्रभ कर दिया था । पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्याकांड की असली वजह सामने आएगी।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page