अपराध
आईआईटी बीएचयू के छात्र को पांच मनबढ़ युवकों ने पीटा, मुकदमा दर्ज
माफी मांगने के बावजूद नहीं छोड़ा
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के परिसर के पास शनिवार की देर रात 5 मनबढ़ युवकों ने इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग के एक छात्र से मारपीट की। पुलिस ने छात्र की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी रोककर की मारपीट
आईआईटी बीएचयू के छात्र ऋषक कुमार के अनुसार, वह और उनका दोस्त निर्शग अग्रवाल रात 1:50 बजे हॉस्टल लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली, गाड़ी की चाबी निकाल ली और उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने दावा किया कि छात्रों ने उन्हें घूरा था और जब छात्रों ने बताया कि वे आईआईटी के छात्र हैं तो युवकों ने और भी उग्र होकर मारपीट शुरू कर दी।
माफी मांगने के बावजूद नहीं छोड़ा
ऋषक ने शिकायत में बताया कि माफी मांगने के बावजूद भी आरोपियों ने चाबी नहीं लौटाई और उनके मित्र को सिर पर चोट पहुंचाई, जिससे उनके कान के पास गहरी चोट आ गई और चश्मा टूट गया। काफी मारपीट के बाद ही आरोपियों ने चाबी वापस दी और फिर छात्र वहां से निकल पाए।
बीएचयू चौकी प्रभारी शिवांकर मिश्रा ने बताया कि छात्रों की शिकायत पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। कुछ आरोपियों की पहचान हो चुकी है और पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई करेगी।
