अपराध
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ सात महीने तक लगातार दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता को शादी का झांसा देकर यह कृत्य किया जाता रहा। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि बक्शा थाना क्षेत्र के चुरावनपुर निवासी विशाल मौर्य महराजगंज के एक गांव की नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर पिछले सात महीनों से लगातार दुष्कर्म कर रहा था। बीते महीने विशाल अपने दोस्त विकास के साथ मिलकर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा।
पीड़िता ने डर के मारे कुछ समय तक चुप रही लेकिन बाद में अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों ने तुरंत थाने पहुंचकर विशाल और विकास के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को विशाल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दूसरे आरोपी विकास की तलाश में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि यदि अगले दो दिनों के भीतर विकास गिरफ्तार नहीं होता है तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
