वायरल
प्रोफेसर डॉ. श्यामता प्रसाद सिंह के निधन से वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय समेत संबद्ध कॉलेजों में शोकसभा का किया गया आयोजन
रोहतास जिले के शांति प्रसाद जैन कॉलेज, सासाराम के गणित विभाग के विभागाध्यक्ष पद से सेवानिवृत प्रोफेसर डॉ श्यामता प्रसाद सिंह के विगत 7 अक्टूबर सोमवार, आकस्मिक निधन पर वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा एवं विश्वविद्यालय से संबद्ध कई कॉलेजों में शोक सभा का आयोजन किया गया।

शांति प्रसाद जैन कॉलेज सासाराम में शोक सभा में उपस्थित शिक्षक एवं शिक्षेकेतर कर्मियों ने प्रो. डॉक्टर श्यामता प्रसाद सिंह के कार्यकाल एवं सेवाओं को याद किया। प्रो. श्यामता प्रसाद सिंह ग्राम बसुहरा, सासाराम के रहने वाले थे। प्रारंभिक शिक्षा कारवांदीया से ग्रहण करने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा एच डी जैन कॉलेज आरा से प्राप्त किया था।

शिक्षण, शोध एवं अकादमिक प्रशासन में उनका योगदान उत्कृष्ट था। प्रो. श्यामता प्रसाद सिंह ने 1970 में एसपी जैन कॉलेज, सासाराम में लेक्चरर के पद पर ज्वॉइन किया था। गणित विषय में टोपोलॉजिकल डायनामिक्स पर उनका कार्य अत्यंत प्रसिद्ध हुआ।

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के वे शिक्षक संघ के पदाधिकारी भी थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में हमेशा शिक्षक हितों की वकालत की। शिक्षकों की समस्याओं को विश्वविद्यालय एवं राज्य स्तर पर बड़ी मजबूती से पैरवी करते थे।
