वायरल
यूपी के सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों के लिए अलग होंगे दवा वितरण काउंटर
डिप्टी सीएम ने की घोषणा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों के लिए अलग से दवा वितरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे। यह घोषणा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को की जो उत्तर प्रदेश राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति की मांग पर आधारित है।
समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी, कोषाध्यक्ष आलोक त्रिपाठी और कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर यह मुद्दा उठाया और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकारों को समयाभाव के कारण सरकारी अस्पतालों में दवाएं प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है। पूर्व में कुछ सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था थी जो अब बंद हो चुकी है।
उपमुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों के लिए अलग से काउंटर खोले जाएंगे और इलाज के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही दवाओं की कमी भी नहीं होगी।
