वायरल
ग्रामीणों ने भेड़िया समझ कर सियार को मारा, हमले में अब तक 11 घायल
अयोध्या के मिल्कीपुर के हैरिंग्टनगंज क्षेत्र में रविवार रात को एक भेड़िये के हमले में छह गांवों के 11 लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने हमलावर को भेड़िया समझकर एक सियार को मार दिया। वन विभाग की टीम ने मरूई गनेशपुर में एक पिंजरा लगाया है।
इनायतनगर की रहने वाली तारावती रविवार रात अपने गांव की महिलाओं के साथ दुर्गा पूजा और रामलीला देखने जा रही थीं, जब अचानक गन्ने के खेत से निकले एक वन्य जीव ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में तारावती का चेहरा बुरी तरह घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने हमलावर को भेड़िया बताया। स्थानीय चिकित्सक ने बताया कि तारावती की हालत अब स्थिर है।

इसके अलावा उरुवा वैश्य, पूरे महोलिया, पूरे जमोलिया और नियामतपुर सोनबरसा गांवों में भी 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। उप प्रभागीय वन अधिकारी के अनुसार, इलाके में भेड़िये के पगचिह्न (पैरों के निशान) नहीं मिले हैं।
