वायरल
इंदौर हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को बढ़ा दिया गया है। एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले विमानों की सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार जांच की जा रही है। धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।यह मामला
शुक्रवार को सामने आया, लेकिन इसकी जानकारी शनिवार को प्राप्त हुई। धमकी भरा ई-मेल एयरपोर्ट के सुरक्षा इंचार्ज की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर आया है, जिसमें धमकी देने वाले ने डार्क वेब का उपयोग किया है।सुरक्षा इंचार्ज ने तुरंत एरोड्रम थाना पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है।
एरोड्रम थाना पुलिस के अनुसार, एयरपोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी सुरेन्द्र सिंह कौरव ने शिकायत दर्ज कराई है। ई-मेल में लिखा गया है, “याद रखना, हम दुनिया के सबसे ताकतवर देशों से अकेले टक्कर ले रहे हैं।” ई-मेल के अंत में “जय महाकाल” और “जय आदि शक्ति” भी लिखा गया है। यह धमकी भरा ई-मेल एनआईएल विषय नाम से जनरल शिवा मेल आईडी से भेजा गया है। एरोड्रम पुलिस ने बीएनएस की धारा 351(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
दिलचस्प बात यह है कि इंदौर एयरपोर्ट को पिछले 10 महीने में यह पांचवीं बार धमकी मिली है। इससे पहले 29 अप्रैल, 18 मई, 18 जून और 20 जून को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए थे। सुरक्षा के लिहाज से यह स्थिति चिंताजनक है और पुलिस साइबर सेल की मदद से मामले की जांच कर रही है।
