भदोही
दरगाह शरीफ में घुसे चोर, स्टोर रूम और सीढ़ी का ताला तोड़ा
दानपेटी बाहर फेंकी, सबमर्सिबल पंप समेत अन्य सामान सुरक्षित; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गोपीगंज (भदोही)। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के थानीपुर स्थित हजरत बाबा इब्राहिम शहीद और इस्माइल शहीद की दरगाह में मंगलवार रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चोरों ने सीढ़ी और स्टोर रूम का ताला तोड़ दिया। इसके बाद मजार की दानपेटी को बाहर फेंक दिया। हालांकि, स्टोर रूम का लॉक नहीं खुलने से चोर वहां रखा सामान नहीं ले जा सके
स्टोर रूम का लॉक नहीं खोल पाए चोर
गोपीगंज-ज्ञानपुर मार्ग स्थित दरगाह शरीफ में चोरों ने स्टोर रूम का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजे का लॉक नहीं खुल सका। इससे स्टोर रूम में रखा सबमर्सिबल पंप सहित अन्य सामान सुरक्षित बच गया।
सुबह टूटा ताला देखकर दी सूचना
बुधवार सुबह मुजावर मल्लू और शहजाद दरगाह पहुंचे तो वहां ताला टूटा देखकर उन्होंने कमेटी के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर कमेटी के सदस्य और पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान में जुटी पुलिस
दरगाह कमेटी के सदर एनुलहक ने बताया कि चोर स्टोर रूम का लॉक खोलने में असफल रहे, जिससे सामान सुरक्षित बच गया। मजार की दानपेटी बाहर फेंकी हुई मिली। घटना के संबंध में गोपीगंज कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
