गाजीपुर
जमीनी विवाद में मां और तीन बेटियों को पीटा, पांच पर मुकदमा
पुरानी रंजिश में लाठी-डंडे और टांगी से हमला करने का आरोप, पुलिस ने घायलों का कराया मेडिकल परीक्षण
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के कटौली गांव में मंगलवार को जमीन संबंधी विवाद में एक महिला और उसकी तीन बेटियों को मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता सविता देवी ने पुलिस को तहरीर देकर पट्टीदारों पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।
गोबर फेंककर लौटते समय विवाद
सविता देवी के अनुसार, मंगलवार सुबह वह गोबर फेंककर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पुराने जमीनी विवाद को लेकर उनके पट्टीदार गियाचंद्र चौहान और गंगाधर चौहान ने रास्ते में गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उषा देवी, निर्जला चौहान और माला चौहान भी वहां पहुंचीं और लाठी-डंडे व टांगी से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंची बेटियों को भी पीटा
पीड़िता ने बताया कि शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी अंजलि चौहान के साथ भी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उनके घर पर चढ़कर बेटियों संजना और खुशबू को भी पीटकर घायल कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सविता देवी की तहरीर पर पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस ने गियाचंद्र चौहान, गंगाधर चौहान, उषा देवी, निर्जला चौहान और माला चौहान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
