वाराणसी
पिंडरा के परिषदीय विद्यालयों में ई-कचरा प्रबंधन पर जागरूकता अभियान
विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के दुष्प्रभाव बताए, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित
पिंडरा (वाराणसी)। विशेष अभियान स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत बुधवार को पिंडरा विकास खंड के परिषदीय विद्यालयों में ई-कचरा प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कंपोजिट विद्यालय रमईपट्टी के राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक कमलेश कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के दुष्प्रभाव, पर्यावरण संरक्षण और ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी।
अनुचित निस्तारण से पर्यावरण और स्वास्थ्य को खतरा
कार्यक्रम में बताया गया कि अनुपयोगी मोबाइल, बैटरी, चार्जर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को गलत तरीके से फेंकने से मिट्टी, जल और मानव स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचता है। विद्यार्थियों को ई-कचरे के पुनर्चक्रण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ, हरित और प्रदूषणमुक्त पर्यावरण बनाने में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।
कई विद्यालयों में आयोजित हुई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
इस अवसर पर विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में ई-कचरा प्रबंधन विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कंपोजिट स्कूल नाथपुर, करखियाव, समोगरा, ओदार, हिवरनपुर मरुई, उच्च प्राथमिक विद्यालय बाबतपुर, फूलपुर, थानारामपुर, सिंधोरा और मंगारी सहित प्राथमिक विद्यालय चितईपुर, जमापुर, पिंडरा, जाठी, करेमुआ, चकरमा और गरथमा में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
