Connect with us

गाजीपुर

हाईवे पर पिकअप में पीछे से भिड़ी कार, स्कूल प्रबंधक की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

हादसे में कार चालक गंभीर, गोरखपुर रेफर; बंतरा कट पर लगातार हो रहे हादसों से लोगों में चिंता

नंदगंज (गाजीपुर)। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर रामपुर बंतरा हाईवे कट के समीप सोमवार देर रात पिकअप और बलेनो कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल स्थित मेडिकल कॉलेज भेजा। हालांकि, रास्ते में राजेश कुमार पांडेय (39) की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कार चालक विवेक श्रीवास्तव को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

वाराणसी से गोरखपुर लौटते समय हुआ हादसा

मृतक के बड़े भाई पवन कुमार पांडेय, निवासी सरवी टोला बरगदही, थाना पीपीगंज, जिला गोरखपुर ने नंदगंज थाने में तहरीर देकर बताया कि सोमवार को उनके छोटे भाई राजेश कुमार पांडेय अपने मित्र विवेक श्रीवास्तव के साथ कार से वाराणसी गए थे। देर रात दोनों वाराणसी से गोरखपुर लौट रहे थे। इसी दौरान नंदगंज के बंतरा हाईवे कट के पास उनकी बलेनो कार आगे चल रही पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार दोनों लोग अंदर फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में राजेश कुमार पांडेय ने दम तोड़ दिया।

विद्यालय के प्रबंधक थे राजेश पांडेय

Advertisement

राजेश कुमार पांडेय दो भाइयों में छोटे थे और गोरखपुर जिले के पीपीगंज क्षेत्र में एक विद्यालय के प्रबंधक थे। उनके परिवार में पत्नी सुषमा पांडेय, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे में राजेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुषमा पांडेय और मां कमला पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

इस संबंध में नंदगंज के थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।

बंतरा कट पर हादसों का सिलसिला, सुरक्षा पर उठे सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप सड़क किनारे खड़ी थी और तेज रफ्तार कार बंतरा कट के पास अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे के इस कट पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यहां हर महीने तीन से चार हादसे होने की बात कही जा रही है। अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से लोगों में चिंता है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हाईवे के इस संवेदनशील कट पर प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page