बलिया
महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण की मांग, प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम
दो साल से तिरपाल में ढकी प्रतिमा पर छात्रनेता अविनाश सिंह नंदन ने जताई नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी
बलिया। वीर लोरिक स्टेडियम तिराहे पर स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण नहीं होने पर जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के छात्रनेता अविनाश सिंह नंदन ने नाराजगी जताई है। उन्होंने जिला प्रशासन से एक सप्ताह के भीतर प्रतिमा से तिरपाल हटाकर अनावरण की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।
दो साल से तिरपाल में ढकी है प्रतिमा
छात्रनेता अविनाश सिंह नंदन ने कहा कि कई वर्षों के आंदोलन के बाद महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की गई, लेकिन पिछले दो वर्षों से प्रतिमा तिरपाल से ढकी हुई है। उन्होंने इसे वीर योद्धा महाराणा प्रताप और बलिया के लोगों के सम्मान से जुड़ा विषय बताया। उनका कहना है कि इस संबंध में जिला प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
एक सप्ताह में निर्णय नहीं तो आंदोलन
अविनाश सिंह नंदन ने अपने युवा साथियों के साथ प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में प्रतिमा से तिरपाल हटाने और अनावरण को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो अगले महीने से ‘महाराणा सम्मान’ आंदोलन शुरू किया जाएगा।
छात्रनेता ने कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है।
