गाजीपुर
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महर्षि जमदग्नि की प्राण-प्रतिष्ठा, जयकारों से गूंजा जमानियां
सोमवार को होगा विशाल भंडारा, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन
जमानियां गाजीपुर। नगर के ब्लॉक तिराहे पर नगर पालिका की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित स्मारक स्थल पर रविवार को सप्तऋषि महर्षि जमदग्नि की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। मूर्ति का पट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा परिसर महर्षि जमदग्नि के जयकारों से गूंज उठा।

तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन के दूसरे दिन वाराणसी से आए ब्राह्मणों ने प्रधान आचार्य ज्योतिषाचार्य पंडित शैलेश उपाध्याय के नेतृत्व में पूजन-अर्चन कराया। इसके बाद यज्ञाचार्य दिनेश शुक्ला ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न कराया। मूर्ति को स्नान कराने और विधिवत पूजन के बाद प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि जमानियां महर्षि जमदग्नि की तपोभूमि रही है। उनकी मूर्ति स्थापित कराने की वर्षों पुरानी मांग पूरी होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि इस पहल से क्षेत्र की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।

बालकृष्ण त्रिवेदी ने कहा कि महर्षि जमदग्नि का इस क्षेत्र से गहरा जुड़ाव रहा है। उनकी मूर्ति की स्थापना जमानियां के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखेगी। आयोजन को लेकर ब्राह्मण समाज सहित क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा।
तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन सोमवार को विशाल भंडारे के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां की गई हैं।
योगी आनंद जी महाराज, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, सानंद सिंह, ब्रजभूषण दुबे, विनीत तिवारी, विकास चौबे, निमेष पांडेय, मोनू तिवारी, पीयूष कांत दुबे, अभिषेक तिवारी, उमेश चंद्र पांडेय, शिवम दुबे, तारकेश्वर वर्मा, विजयशंकर राय, अरविंद राय, संतोष निगम, संतोष राय, संजीत यादव और अनिल गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
