गाजीपुर
जेडीयू प्रवक्ता विनीत तिवारी का स्वागत, रेल सुविधाओं पर चर्चा
जमानिया गाजीपुर। रेल यात्री कल्याण समिति, जमानिया की ओर से रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रवक्ता विनीत तिवारी के जमानिया आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समिति के अध्यक्ष मिथिलेश सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका स्वागत कर सम्मान व्यक्त किया।
इस दौरान जमानिया क्षेत्र में रेल यात्रियों की समस्याओं, रेलवे स्टेशन के विकास और रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही जमानिया रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार और रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने की आवश्यकता जताई।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि रेल यात्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना, उनके हितों की रक्षा करना और जमानिया रेलवे स्टेशन के विकास के लिए प्रयास करना समिति की प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समिति लगातार प्रयास करती रहेगी।
कार्यक्रम में मेराज, मंदीप गुप्ता, विशाल वर्मा, कृतपाल सिंह, आमिर, राजेश रौनियार, डॉ. विजय श्याम पांडेय और पंकज निगम सहित समिति के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान रेल यात्रियों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
