गाजीपुर
20 साल पुराना खड़ंजा जर्जर, टूट चुकी पुलिया से आवागमन जोखिम भरा
दुल्लहपुर गाजीपुर। क्षेत्र के खड़ौरा गांव में गोमताली पोखरी से राजेंद्र पांडेय के घर होते हुए पजावा पोखरी तक जाने वाला संपर्क मार्ग बदहाल हो गया है। करीब 20 साल पहले बिछाया गया खड़ंजा धंसकर जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गया है। वहीं, संपर्क मार्ग पर बनी पुलिया भी टूट चुकी है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इस मार्ग से वाहनों का गुजरना जोखिम भरा हो गया है। जगह-जगह बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद अब तक मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि संपर्क मार्ग के बीच जल निगम की पाइपलाइन बिछाने के लिए गड्ढे खोदे गए थे। इसके चलते सड़क की स्थिति और भी बदतर हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के प्रधान सहित संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जर्जर संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने और टूटी पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका को दूर किया जा सके।
