गाजीपुर
10 दिन से लापता बुजुर्ग को रामपुर मांझा पुलिस ने परिजनों से मिलाया
मिर्जापुर के रहने वाले छन्नू यादव को पुलिस ने सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया, परिजनों ने की सराहना
गाजीपुर। रामपुर मांझा थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ एक बुजुर्ग को उनके परिजनों से मिलाया। बुजुर्ग के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे ग्राम छपरा के एक व्यक्ति ने डायल 112 पर सूचना दी कि उनके दरवाजे पर करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग आकर लेटे हुए हैं, जो स्थानीय निवासी नहीं हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना रामपुर मांझा की पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को सुरक्षित थाने ले आई। वहां उन्हें भोजन-पानी उपलब्ध कराया गया और विनम्रता से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान बुजुर्ग ने अपना नाम छन्नू यादव और गांव बरैनी, थाना कछवां, जनपद मिर्जापुर बताया। इसके बाद पुलिस ने उनकी तस्वीर के माध्यम से सी-प्लान और दूरभाष के जरिए संबंधित गांव में संपर्क कर परिजनों की जानकारी जुटाई।
सूचना मिलने पर 23 अक्टूबर को छन्नू यादव के भाई पंचम यादव पुत्र महादेव और गिरीश यादव पुत्र कृपा यादव थाने पहुंचे। पंचम यादव ने बताया कि छन्नू यादव उनके बड़े भाई हैं और 9 अक्टूबर से घर से लापता थे। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
पुलिस ने पहचान और पहचान पत्रों का सत्यापन करने के बाद छन्नू यादव को उनके भाई पंचम यादव की सुपुर्दगी में सौंप दिया। बुजुर्ग के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और रामपुर मांझा पुलिस के मानवीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
