गाजीपुर
स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदाताओं में दिखा उत्साह
मरदह, गाजीपुर। मरदह स्थित नेशनल इंटर कॉलेज परिसर में स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। महिला मतदाताओं में भी मतदान को लेकर उत्साह दिखाई दिया। मतदाता लंबी-लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
मतदान के दौरान भाजपा और समाजवादी पार्टी, दोनों खेमों में सक्रियता देखने को मिली। हालांकि, समाजवादी पार्टी का खेमा दो गुटों में बंटा हुआ नजर आया। मतदान केंद्र पर प्रत्याशियों के समर्थक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करते दिखाई दिए।

विशाल सिंह चंचल ने बूथों का लिया जायजा
भाजपा के विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने का आग्रह किया। मतदान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला।
भाजपा खेमे में वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्रनाथ पाण्डेय, धनंजय चौबे, राजेश चौहान, आशुतोष चतुर्वेदी, धनंजय ओझा, वेद प्रकाश पांडे और आशुतोष सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर मतदान केंद्र पर पूरे दिन गहमागहमी बनी रही। महिला और पुरुष मतदाताओं की भागीदारी के बीच सभी की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।
