Connect with us

गाजीपुर

मिशन शक्ति से छात्राओं को किया जागरूक, बताए सुरक्षा के हेल्पलाइन नंबर

Published

on

Loading...
Loading...

बहरियाबाद के सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पुलिस ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नए कानूनों की दी जानकारी

बहरियाबाद, गाजीपुर। जयदेश। बालिकाओं एवं महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके भीतर सुरक्षा एवं आत्मविश्वास की भावना विकसित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 के तहत बहरियाबाद थाना पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। स्थानीय सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, आपातकालीन सहायता और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में महिला कांस्टेबल प्रांशी देवी ने छात्राओं को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करना चाहिए।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

महिला कांस्टेबल ने वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, अग्निशमन सेवा 101, एंबुलेंस सेवा 102 व 108 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में जानकारी दी। साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 साइबर हेल्पलाइन और जनसुनवाई पोर्टल के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

उन्होंने छात्राओं को ओटीपी साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी। साथ ही डिजिटल गोपनीयता बनाए रखने और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के बारे में भी जानकारी दी गई। पंपलेट वितरित कर छात्राओं को जागरूक किया गया।

Advertisement

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक अजय सहाय, प्रधानाचार्य रामप्रकाश, उपनिरीक्षक उमेश चंद यादव, उपनिरीक्षक दिनेश चंद यादव और अभिषेक तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नेसार अहमद फैज ने किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page